सियासत

‘कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम फिर आया सामने’, इमरान खान की पार्टी के थीम सॉन्ग को अपनाने का लगा आरोप

22Views

 भोपाल

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर संगीन इल्जाम लगाए हैं। राज्य में इस वक्त कांग्रेस जन आक्रोश यात्रा निकालने को लेकर उत्साहित है। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस ने अपनी इस यात्रा के लिए पड़ोसी मुल्क के पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के थीम सॉन्ग को चुराया है। कांग्रेस की यह यात्रा 19 सितंबर से शुरू होगी।

राज्य में 7 जगहों से यह यात्रा निकाली जाएगी। मध्य प्रदेश बीजेपी के सचिव राहुल कोठारी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने 'चलो, चलो इमरान के साथ' सॉन्ग को कॉपी किया है। बीजेपी का दावा है कि यह थीम सॉन्ग पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी का है। बीजेपी का कहना है कि जन आक्रोश यात्रा के लिए कांग्रेस ने 'चलो, चलो कांग्रेस के संग चलो' सॉन्ग चुना है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पाकिस्तान की पार्टी और कांग्रेस के चुनावी कैंपेन में इस्तेमाल किये गये गाने का वीडियो अपने 'X' (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर भी शेयर किया है। कोठारी ने आरोप लगाया है, 'अभी तक कांग्रेस उन लोगों को अपना मानती है आई है जो पाकिस्तान के पक्ष में और हिन्दुस्तान के खिलाफ नारे लगाते हैं।

अब मध्य प्रदेश कांग्रेस भी पाकिस्तानी गाने का इस्तेमाल कर रही है।' उन्होंने दावा कि जन आक्रोश यात्रा के पोस्टर से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह गायब जरूर हैं लेकिन वो बैकग्राउंड म्यूजिक दे रहे हैं। कोठारी ने कहा कि इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी कि आने वाले समय में कांग्रेस का झंडा पूरी तरह हरे रंग में डूब जाए।

मध्य प्रदेश बीजेपी ने एक्स पर लिखा, 'कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम फिर आया सामने। मध्य प्रदेश चुनाव में अपने प्रचार गाने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी के थीम सॉन्ग को ही चुरा  लिया। कांग्रेस की 'चोरी' की आदत पुरानी है लेकिन पाकिस्तान से इतना प्रेम क्यों? जवाब दे कांग्रेस!'

कांग्रेस ने दी सफाई…

इधर मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बीजेपी के आरोपों पर कहा कि यह काफी दुर्भाग्य की बात है कि जो खुद पाकिस्तान के दोस्त हैं वो कांग्रेस के कैंपेन सॉन्ग पर सवाल उठा रहे हैं। जो लोग सेना के जवानों के शहीद होने पर उसका राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करते हैं वो एक गाने पर आपत्ति जता रहे हैं। केके मिश्रा ने कहा कि बीजेपी शायद भूल गई है कि बिना निमंत्रण के कौन पड़ोसी मुल्क के प्रधानमंत्री के शपथ समारोह में गया था।

बता दें कि कांग्रेस ने 17 सितंबर को 'चलो, चलो' गाना लॉन्च किया था। कांग्रेस की इस यात्रा को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि सभी 230 विधानसभाओं में यह यात्रा करीब 11,400 किलोमीटर का सफर तय करेगी। 15 दिनों की इस यात्रा के दौरान कांग्रेस राज्य में भ्रष्टाचार और क्राइम जैसे मुद्दों को उठाएगी। इससे पहले राज्य में बीजेपी पहले से ही जन आशीर्वाद यात्रा चला रही है। 25 सिंतबर को बीजेपी की यह यात्रा समाप्त होगी।

 

admin
the authoradmin