All Type Of Newsधर्म-संस्कृतिमध्य प्रदेशराज्य

भद्राकाल के बाद बहनों ने भाइयों को बांधी राखी

प्रशासनिक नियम से जेल में मना रक्षाबंधन

75Views

भोपाल। भद्रा के कारण सनातन धर्मावलंबियों ने रक्षाबंधन पर्व रात नौ बजे के बाद मनाया। वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक नियमों के चलते बहने भद्राकाल में ही जेल में बंदी भाईयों को राखी बांधनी पड़ी। केंद्रीय कारागार भोपाल में चौकस व्यवस्था के बीच यह त्योहार मनाया गया। इधर बहनों भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड की मुफ्त यात्रा सौगात का आवागमन के मद्देनजर लाभ उठाया।

इसके पहले लिंक रोड नंबर एक के पास से निकलने वाली नगरसेवा बसों को रोक कर महापौर मालती राय और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने उसमें यात्रा कर रही महिलाओं को शुभकामनांए दी और मिठाइयां बांटीं। इस दौरान महापौर मालती राय ने महिलाओं से पूछा कि सिटी बसों में सफर करने में कोई दिक्कत तो नहीं है। महिलाओं ने नि:शुल्क यात्रा को लेकर खुशी जताई। राजधानी के 25 रूट पर नगर निगम द्वारा संचालित 368 बसों में सुबह 6 से रात 9 बजे के बीच महिलाएं और युवतियोंं को मुफ्त यात्रा की सौगात दी गई थी। राजधानी भोपाल में चलने वाली सभी सिटी बसों में हर दिन एक से डेढ़ लाख के बीच यात्री सफर करते हैं, जिसमें 40 प्रतिशत महिलाएं भी शामिल हैं। ये बसें शहर के सभी क्षेत्रों को कवर करती हैं।

शाम पांच बजे तक जेल में मनाया गया त्योहार
रक्षा बंधन के त्योहार पर बहनों ने अपने बंदी भाईयों को शाम पांच बजे तक राखी बांधी। बदले में रक्षा का वचन लेकर भाई से उपहार भी हॉसिल किये। जेल में बंद भाई उपहार के रूप में जेल में कमाई गई राशि को बहनों को दे रहे हैं। जेल परिसर में बाकायदा पंडाल लगाया गया था। भद्रा में शुभकार्य निषेध को लेकर जेल अधीक्षक राकेश भांगरे का कहना था कि जेल में रक्षा बंधन का कार्यक्रम प्रशासनिक नियमों व कैलेंडर में तय तिथि के अनुसार ही मनाया जाता है। इसका मुहूर्त के समय से कोई लेनादेना नहीं है। बाहरी सामग्री पर प्रतिबंध को देखते हुए जेल प्रशासन द्वारा कैंटीन के माध्यम से बिक्री के लिए मिष्ठान की व्यवस्था की गई। बहनें कैंटीन में जाकर लिफाफे में राखी, हल्दी, कुंकुम रखकर मिठाई के साथ जेल में बंद अपने भाई के पास पहुंचकर रक्षा सूत्र बांध रही हैं।

बाजार सजे पर नहीं दिखी रौनक
रक्षाबंधन पर्व पर राजधानी के प्रमुख इलाकों में बाजार सजे पर इनमें रौनक नहीं दिखाई दी। राखी की दुकानों के साथ ही मिष्ठान भंडारों में लोग आते-जाते हुए लगातार देखे गए। व्यवसायी रूपेश अग्रवाल के मुताबिक यहां रहने वाले अधिकांश लोगों का त्योहार मनाने अपने गृह नगर चले जाना है।

राखी पर बहनों को मुख्यमंत्री ने किया याद

राखी के पर्व पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बहनों को याद किया है। लाड़ली बहनों को शुभकमानाएं देते हुए कहा कि बहनों के सामाजिक आर्थिक, राजनैतिक सशक्तिकरण के लिए दिन-रात प्रयास किए जा रहे हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि मैंने बहनों के जीवन में सुख-समृद्धि लाने के लिए और उनके घर आंगन को खुशियों से भरने का संकल्प लिया है। बहनों के सम्मान और सुरक्षा के लिए लगातार कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की आगामी मासिक किश्त की राशि 10 सितम्बर को बहनों के खाते में डाली जाएगी।

राजभवन में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया

रक्षा बंधन राजभवन में भी मनाया गया। एसओएस चिल्ड्रन्स विलेज खजुरी कला की बालिकायें और प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के पदाधिकारी बहनों ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल को राखी बांधी। उपहार के रूप में राजपाल की ओर से यहां एसओएस चिल्ड्रन्स विलेज संस्था को 11 हजार रुपए की राशि भेंट की गई। राज्यपाल ने इस दौरान रक्षाबंधन पर्व को सनातन परंपरा का पवित्र त्योहार बताते हुए सभी बहनों को शुभकमानाएं दी है।

admin
the authoradmin