सियासत

राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने भाजपा को ‘जय संविधान’ का संदेश दिया, कॉपी हाथ में लेकर ली शपथ

7Views

नई दिल्ली
साल 1975 में आज ही के दिन देश में आपातकाल लगाए जाने को लेकर भाजपा लगातार कांग्रेस को घेर रही है। बीजेपी नेताओं ने 25 जून 1975 के दिन को ‘काला दिवस’ करार दिया। इस बीच, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को 'जय संविधान' का संदेश दिया है। दरअसल, दोनों नेताओं ने मंगलवार को लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली। खास बात यह रही कि इस दौरान दोनों अपने हाथों में संविधान की कॉपी लिए हुए थे। राहुल गांधी ने अंग्रेजी भाषा में शपथ ली। शपथ के बाद उन्होंने ‘जय हिंद, जय संविधान’ का नारा भी लगाया। शपथ के लिए जब राहुल गांधी का नाम पुकारा गया तो कांग्रेस के सदस्य अपने स्थान पर खड़े हो गए और ‘जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगाने लगे। उनके शपथ लेने के बाद भी कांग्रेस सदस्यों ने ‘जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो’ के नारे लगाए। मालूम हो कि राहुल गांधी ने 2022 में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और इस साल की शुरुआत में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकाली थी।

राहुल गांधी इस बार उत्तर प्रदेश के रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से चुने गए हैं। इससे पहले वह लोकसभा में केरल के वायनाड और उत्तर प्रदेश के अमेठी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अगर अखिलेश यादव की बात करें तो वह कन्नौज से निचले सदन के सदस्य चुने गए हैं। शपथ लेते समय उन्होंने भी अपने हाथ में संविधान की कॉपी ले रखी थी। अखिलेश यादव के अलावा उनकी पत्नी और मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव ने शपथ ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के साथ ही मुजफ्फरनगर से सपा सांसद महेंद्र मलिक, कैराना से पार्टी सांसद इकरा चौधरी, फिरोजाबाद से पार्टी के लोकसभा सदस्य अक्षय यादव, बदायूं से सांसद आदित्य यादव और सपा के कई अन्य सांसदों ने शपथ ली।

बहुत खुशी हुई, अच्छा लगा; क्या बोलीं प्रियंका गांधी  
राहुल गांधी के शपथ लेने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की प्रतिक्रिया आई। उन्होंने कहा, 'बहुत खुशी हुई। अच्छा लगा देखकर कि राहुल गांधी, किशोरी लाल शर्मा, इमरान सभी ने शपथ ली।' मालूम हो कि राहुल गांधी अपनी पसंदीदा सफेद टी-शर्ट पहने शपथ ले रहे थे, तो उस दौरान कांग्रेस के सदस्य नारे लगाते हुए उनका समर्थन कर रहे थे। इससे पहले रामायण धारावाहिक में राम की भूमिका निभाने वाले मेरठ संसदीय सीट से चुनकर आए भाजपा के अरुण गोविल ने संस्कृत में शपथ ली और शपथ ग्रहण के बाद जय श्रीराम का नारा भी लगाया। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर सीट से चुनकर आए डॉ महेश शर्मा ने भी संस्कृत में शपथ ली। उन्नाव से निर्वाचित साक्षी महाराज ने भी संस्कृत में शपथ ली।

admin
the authoradmin