रांची
झारखंड में शिव मंदिर में जलाभिषेक करने वाले शिव भक्तों से ‘जजिया कर’ वसूला जा रहा है। ये बड़ा आरोप झारखंड बीजेपी ने हेमंत सरकार पर लगाया है। झारखंड बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रदेश में सावन के महीने में शिव भक्तों से जजिया टैक्स वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के दलमा शिव मंदिर में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं से पैसे लिए जा रहे हैं।
रांची में बीजेपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में तुगलकी फरमान जारी कर सावन के पवित्र महीने में दलमा पहाड़ पर स्थित भगवान भोलेनाथ के प्राचीन मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं से टैक्स वसूला जा रहा है। उन्होंने इसे जर्जिया टैक्स कहा।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि वन विभाग के डीएफओ सबा आलम के द्वारा चेक पोस्ट लगाकर श्रद्धालुओं से पैसे लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाड़ियों की बात छोड़ें, पैदल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से भी पांच-पांच रुपए टैक्स वसूला जा रहा है। विभाग ने इसका विधिवत नोटिस जारी किया है। नोटिस में साफ लिखा है कि सावन के महीने को देखते हुए ये शुल्क लगाया जा रहा है। प्रवक्ता ने कहा कि डीएफओ इसे उचित कदम भी बता रहे हैं।
‘तुगलकी फरमान वापस ले सरकार’
प्रवक्ता ने राज्य सरकार से मांग की कि बिना देर किए इस तुगलकी फरमान को वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो सनातनी लोग सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि हजारों फीट की ऊंचाई पर स्थित दलमा बाबा का शिव मंदिर बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लाखों श्रद्धालुओं के लिए सावन में आस्था का केंद्र है।
‘धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रही BJP’
वहीं बीजेपी के इस बयान पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पलटवार किया है। JMM केंद्रीय समिति के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय का कहना है कि बीजेपी जान-बूझकर धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सोरेन सरकार आस्था का सम्मान करती है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दलमा क्षेत्र में रास्तों का विकास, पानी और स्वास्थ्य की व्यवस्था कर रही है।
‘BJP के पास मुद्दा नहीं बचा’
उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास झारखंड में कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। लिहाजा वो विकास के कार्यों पर सवाल उठाकर और सनातन धर्म के नाम पर राजनीति करके जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार विकास और न्याय के रास्ते पर है। इसके साथ ही बीजेपी पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि कफन और पूजा सामग्री पर टैक्स लगाने वाले लोग, जनता से तरह-तरह का कर वसूलने वाले लोग किस मुंह से दलमा में एंट्री टैक्स पर सवाल कर रहे हैं। यह हास्यास्पद है।
You Might Also Like
सूखे से बेहाल किसान, राजद ने धरना देकर सरकार से की राहत की मांग
पटना उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में लगातार बारिश नहीं होने से किसानों की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।...
नीतीश सरकार का बड़ा फैसला: शिक्षा कर्मियों, रसोइयों और पीटी टीचरों का मानदेय दोगुना
पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला...
SIR के खिलाफ सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा हमला, विधानसभा में प्रस्ताव की तैयारी तेज
पटना बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ विपक्षी दल लगातार सत्तारुढ़ पार्टी बीजेपी के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाये...
नर्सरी की बच्ची से बर्बरता: स्कूल संचालिका ने डंडे से पीटा, शरीर पर चोट के निशान
दुर्ग दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र के बागडूमर स्थित मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल में नर्सरी में पढ़ने वाली...