देश

दिल्ली में ठंड का सितम शुरू, इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा शनिवार, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

10Views

नई दिल्ली

राजधानी में शनिवार को इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा। दिनभर में औसतन अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा। अगले कुछ दिन दिल्ली में सर्द हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की गति बढ़ने से वायु गुणवत्ता सूचकांक में मामूली सुधार आया है। यह खराब श्रेणी में 291 अंक पर रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर हिमपात होने के बाद हवा चलने से ठंड बढ़ी है। दिनभर में आर्द्रता का स्तर 94 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 19 व 20 दिसंबर को ठंडी हवा चलेंगी, जिससे सुबह-शाम ठंड और बढ़ेगी। सुबह कोहरे के साथ तापमान कम रहेगा। दिन में धूप निकलने के बाद मौसम साफ रहेगा।

शनिवार को सबसे कम अधिकतम तापमान पालम और जाफरपुर इलाके में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लोधी रोड, रिज एरिया और आयानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रहा। इस बीच पीएम 10 और पीएम 2.5 भी कम होकर क्रमश: 193 और 117 पर आ गए।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता पर नजर रखने वाली एजेंसी सफर के मुताबिक 19 दिसंबर को भी हवा की गति में सुधार आने के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब श्रेणी में रहेगा। फिर 20 दिसंबर से यह दोबारा बेहद खराब श्रेणी में जाने का अनुमान है। कई जगह यह 400 से अधिक भी रह सकता है।

admin
the authoradmin