करनाल लोकसभा सीट खट्टर का मुकाबला कांग्रेस नेता बुद्धिराजा से
करनाल संसदीय सीट से 19 उम्मीदवार मैदान में, मुख्य मुकाबला खट्टर और दिव्यांशु बुद्धिराजा के बीच
पूर्व सीएम खट्टर बनाम कांग्रेस के बुद्धिराजा : किसका पलड़ा भारी?
करनाल
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता मनोहर लाल खट्टर, पार्टी द्वारा अपनी जगह नायब सिंह सैनी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाए जाने के दो महीने बाद, पहली बार लोकसभा में जाने की तैयारी कर रहे हैं।
करनाल संसदीय सीट से 19 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से 70 वर्षीय नेता और पूर्व आरएसएस ‘प्रचारक’ खट्टर तथा हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा (30) के बीच है।
अक्टूबर 2014 में, जब भाजपा पहली बार अपने दम पर हरियाणा में सत्ता में आई तो करनाल से पहली बार विधायक बने खट्टर को मुख्यमंत्री बनाया गया।
साढ़े नौ साल बाद, पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए उनकी जगह कुरूक्षेत्र के सांसद नायब सैनी को चुना।
हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा नेतृत्व परिवर्तन आश्चर्य का विषय था, लेकिन खट्टर ने कहा कि उनकी जगह सैनी को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय अचानक नहीं लिया गया था और उन्होंने एक वर्ष से अधिक समय पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यह सुझाव दिया था।
विधायक पद से खट्टर के इस्तीफे के बाद खाली हुई करनाल विधानसभा सीट पर सैनी उपचुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर मतदान, 25 मई को छठे चरण में हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों के लिए मतदान के साथ होगा।
चुनाव से कुछ दिन पहले खट्टर न केवल करनाल में प्रचार कर रहे हैं, बल्कि वह हरियाणा में भाजपा का चेहरा होने के नाते पार्टी उम्मीदवारों के लिए अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी वोट मांग रहे हैं।
करनाल में चुनाव प्रचार के दौरान, खट्टर ने सभाओं में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने तेजी से प्रगति की है, जबकि कांग्रेस ने केवल खोखले नारे दिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने 55-60 वर्षों के शासन के दौरान देश में धारा 370, नक्सलवाद और आतंकवाद जैसे ‘कांटे’ बोये थे।
खट्टर 2014 और 2019 में करनाल सीट से दो बार हरियाणा विधानसभा के लिए चुने गए। वर्तमान में भाजपा के संजय भाटिया करनाल लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 2014 में भाजपा के अश्विनी चोपड़ा ने करनाल संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व किया था।
करनाल लोकसभा सीट में नौ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, जिनमें से पांच का प्रतिनिधित्व भाजपा, तीन का कांग्रेस और एक का प्रतिनिधित्व निर्दलीय विधायक कर रहा है।
करनाल संसदीय क्षेत्र में 11,03,606 पुरुष मतदाता, 9,92,721 महिला मतदाता और 37 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
You Might Also Like
रविवार 08 सितम्बर 2024 का राशिफल
मेष राशि : आज मेष राशि वालों को रुका हुआ धन वापस मिलेगा। ऑफिस मैनेजमेंट में आपकी अच्छी छवि बरकरार...
बम धमकी : तुर्किये के हवाई अड्डे पर फंसे यात्रियों को लाने के लिए विस्तारा भेज रहा वैकल्पिक विमान
मुंबई विमानन कंपनी विस्तारा ने शनिवार को कहा कि वह मुंबई-फ्रैंकफर्ट की अपनी उड़ान के यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने...
आरजी कर अस्पताल में नया मामला, 3 घंटे तक बहा खून, इलाज नहीं मिलने से मौत
कोलकाता ट्रेनी-डॉक्टर के रेप-मर्डर के बाद चर्चा में आए कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक...
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने गोरखपुर में सैनिक स्कूल का लोकार्पण किया
गोरखपुर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को गोरखपुर में उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल का उद्घाटन किया। 49 एकड़ क्षेत्र में...