सियासत

राहुल और प्रियंका गांधी से योगी सरकार का सवाल- मुख्तार अंसारी से इतनी हमदर्दी क्यों?

लखनऊ
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) सरकार के प्रवक्‍ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर गैंगस्‍टर से विधायक बने मुख्‍तार अंसारी को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से इस संबंध में जवाब मांगा है। उन्होंने पूछा है कि कांग्रेस, प्रियंका और राहुल को मुख्तार अंसारी से इतनी सहानुभूति क्यों है? शुक्रवार को जारी एक बयान में सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा 'दोहरापन कांग्रेस का चरित्र है और वह हर घटना को अपने चश्मे से देखती है। राजनीतिक लाभ के लिए वह किसी का भी समर्थन कर सकती है, यहां तक कि देश और समाज के दुश्मनों का भी। दुर्दांत अपराधी मुख्तार अंसारी के मामले में कांग्रेस शासित पंजाब सरकार का रवैया इसका सबूत है।' उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में शायद ही कोई ऐसा उदाहरण मिले जिसमें किसी राजनीतिक दल की एक माफिया के प्रति इस कदर सहानुभूति उमड़ी हो कि उसकी पैरोकारी में वह सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच जाए।

पंजाब सरकार ने मुख्तार को सौंपने से किया इनकार
सिंह ने सवाल किया कि मुख्‍तार अंसारी के प्रति इतनी सहानुभूति क्‍यों हैं? राहुल और प्रियंका इसका जवाब दें। बता दें कि पंजाब की रोपड़ जेल में बंद मुख्‍तार अंसारी को पंजाब की सरकार ने उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपने से इन्‍कार कर दिया है। पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा दाखिल कर विधायक अंसारी की बीमारी का हवाला देते हुए उसे उत्तर प्रदेश में पेशी पर भेजने से इनकार कर दिया। इस हलफनामे पर सुप्रीम कोर्ट में 8 फरवरी को सुनवाई है।

कांग्रेस की नजर वर्ग विशेष के वोटबैंक परः सिद्धार्थनाथ सिंह
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, 'पूरा समाज जानता है कि मुख्तार क्या है और कितने लोग उसके जुल्म और ज्यादती के शिकार हुए हैं। मेरा कांग्रेस के साहबजादे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से सवाल है कि इस सहानुभूति की वजह क्या है? उन लोगों के बारे में उनका क्या ख्याल है जिनका घर-परिवार मुख्तार के कारण उजड़ गया? मैं ही नहीं पूरा देश और समाज यह जानना चाहता है।' उन्‍होंने कहा कि मुख्तार के बहाने उनकी (कांग्रेस) नजर वर्ग विशेष के वोट पर है पर उनके ये मंसूबे पूरे नहीं होंगे। सिंह ने कहा कि योगी सरकार अलग तरह की सरकार है और वह अपराधियों और माफिया को सत्ता के संरक्षण के रूप में खाद-पानी नहीं देती बल्कि उनका मान मर्दन करती है और करती रहेगी। बता दें कि पिछले साल नवंबर महीने में मुख्‍तार अंसारी की पत्‍नी अफशां अंसारी ने राष्‍ट्रपति को पत्र लिखकर अपने पति की हत्‍या की आशंका जताते हुए हस्‍तक्षेप की मांग की थी। अफशां ने अपने पत्र में अपने परिवार के देश की आजादी की लड़ाई में दिए गए योगदान का जिक्र किया था।

admin
the authoradmin