बिहार

 बारिश का पानी जमा करने को बनाए जाएंगे बड़े-बड़े तालाब: सीएम नीतीश 

पटना 
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि जल संचयन को लेकर राज्य में बड़े-बड़े तालाबों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जो भी राशि की जरूरत होगी, राज्य सरकार देगी। बड़े तालाबों के निर्माण से जल संकट दूर होगा। मुख्यमंत्री मंगलवार को जल-जीवन-हरियाली दिवस के मौके पर अधिवेशन भवन में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर में आर्डिनेंस फैक्ट्री के पास जल संरक्षण के लिए जो तालाब बने हैं, वे अपने आप में अद्भुत हैं। अटल जी की सरकार में जार्ज साहब रक्षा मंत्री थे, उस वक्त आर्डिनेंस फैक्ट्री के शिलान्यास के दौरान मैंने ही तालाब निर्माण का सुझाव दिया था। अगर दो वर्षों तक बारिश नहीं होगी, तब भी आर्डिनेंस फैक्ट्री तथा वहां काम करने वालों के लिए पानी का संकट उत्पन्न नहीं होगा। इसी तर्ज पर राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी बड़े-बड़े तालाब बनाने होंगे। ‘जल-जीवन-हरियाली अभियान में जन-भागीदारी’ विषय पर यह कार्यक्रम आयोजित था। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जो भी कार्य सरकार द्वारा किये गये हैं, उसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को दें। तालाबों, आहर, कुओं आदि के जीर्णोद्धार हुए हैं, उनसभी की तस्वीर सोशल मीडिया पर दें। ताकि लोगों को इसकी जानकारी मिले और पर्यावरण संरक्षण के प्रति वे जागरूक और सचेत हों।
 

admin
the authoradmin