सियासत

पार्टी पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण कर शुरू किया काम, संगठन ने दी नसीहत

भोपाल
सीएम शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा द्वारा अब तक घोषित पांच महामंत्रियों, 12-12 प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश मंत्री, सात मोर्चा अध्यक्ष, कार्यालय मंत्री, कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष, प्रदेश मीडिया प्रभारी को पदभार ग्रहण कराया गया। पदभार ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे और राजमाता विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शुरू हुई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की नवनियुक्त टीम ने आज से अपना पदभार ग्रहण कर काम शुरू कर दिया है। इस टीम को पदभार ग्रहण कराने के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, सह संगठन मंत्री हितानंद शर्मा खासतौर पर मौजूद रहे। पदाधिकारियों से कहा गया है कि आपके आचार-विचार पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए आदर्श होंगे। इसलिए वर्किंग के दौरान इसका ध्यान रखा जाए। हर कार्यकर्ता की बात सुनने का काम टीम के पदाधिकारियों को करना है।

पदाधिकारियों को अपने कामों को लेकर चौकस रहना है और प्रदेश के हालातों से भी अपडेट रहना है। प्रदेश पदाधिकारियों के साथ मोर्चा अध्यक्ष भी इस मौके पर मौजूद रहे। इसके बाद यहां सभी नए पदाधिकारियों के साथ सीएम चौहान, प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने फोटोसेशन भी कराया। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों की बैठक भी प्रदेश अध्यक्ष शर्मा लेंगे।

पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण कार्यक्रम को लेकर बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में दीनदयाल उपाध्याय, राजमाता सिंधिया और कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमा के सामने कुर्सियां रखी गई थीं। इसमें प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, सह संगठन मंत्री समेत सभी पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों के नाम लिखे गए थे। यहां कुल 44 कुर्सियां लगाई गई थीं। प्रदेश मंत्री पंकज जोशी स्वास्थ्य खराब होने के कारण इस कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।

प्रदेश कार्यालय में पदभार की प्रक्रिया शुरू होने के पहले सीएम चौहान और प्रदेश अध्यक्ष शर्मा की बंद कमरे में करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। बताया जाता है कि दोनों नेताओं के बीच राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान को लेकर चर्चा हुई जिसमें भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी आने वाले दिनों में पूरी ताकत से जुटने वाले हैं।

 

admin
the authoradmin